उन्नाव में पति पत्नी के बीच हुआ विवाद...पत्नी पुलिस के पास पहुंची, तो पुलिस के डर से पति ने लगाई फांसी, कमरे में लटकता मिला शव

उन्नाव जिले में मौरावां क्षेत्र के बरियारगंज गांव में पति से हुए घरेलू विवाद के बाद पत्नी ने थाने में तहरीर दे दी और मायके चली गई। जानकारी होने पर गुरुवार देर रात पति ने घर के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जानकारी हुई, तो कोहराम मच गया।  मृतक की मां का आरोप है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिए जाने की दहशत में उसने यह कदम उठाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मौरावां क्षेत्र की ग्रामसभा बरियारगंज के मजरा संदाना गांव निवासी रोहित (26) दिल्ली में रहकर कपड़ों की सिलाई का काम करता था।

15 दिन पहले ही वह गांव आया था। गुरुवार शाम पत्नी चांदनी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पति से विवाद के बाद चांदनी गुस्से में मौरावां थाने गई और पति के खिलाफ तहरीर दे दी। इसके बाद ससुराल लौटने के बजाए अपने करदहा गांव चली गई । उधर रोहित को पत्नी चांदनी द्वारा पुलिस को प्रार्थनापत्र देने की जानकारी हुई तो वह घबरा गया। मां उर्मिला ने बताया कि गुरुवार देर शाम उसने खाना खाने के लिए मना किया और कमरे में सोने की बात कहकर चला गया। शुक्रवार सुबह मां ने देखा, तो वह रोहित अपने कमरे में नहीं था।
इसके बाद वह गोबर के उपले बनाने घर से 50 मीटर दूर दूसरे घर में गई तो वहा छत के कुंडे में रस्सी के फंदे से बेटे का शव लटकता देखा। घटना की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।

ये भी देखिए :- उन्नाव में जमीन के लालच में भतीजी ने की बुजुर्ग चाची की हत्या

बताया जा रहा है कि मृतक दो भाईयों में छोटा था। एक साल का बेटा आर्यन है। बेटे की मौत से मां, भाई और बहन सहित सभी बेहाल हैं। थानाध्यक्ष अमरनाथ यादव ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिली है। परिजन कोई आरोप लगाते हैं, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी ने लगाया था जान से मारने का प्रयास करने का आरोप
मृतक की पत्नी चांदनी ने मौरावां पुलिस को दिए गए प्रार्थनापत्र में पति रोहित पर जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाया था। आरोप लगाया कि पति ने रस्सी से उसका गला भी कसा। थाने में मिले सिपाही ने प्रार्थनापत्र लेकर शुक्रवार को बुलाया था।
बेटे की मौत से आहत मां ने बहू से की धक्कामुक्की
पति के आत्महत्या कर लेने की सूचना पर शुक्रवार सुबह मृतक रोहित की पत्नी चांदनी ससुराल पहुंची। इस पर बेटे की मौत से बेहाल मृतक की मां उर्मिला बहू को देखते ही आगबबूला हो गई। उसने धक्कामुक्की भी की। मां ने बहू और उसके मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने